Friday, 11 November 2011

2जी घोटाला: राजा व कनिमोझी सहित अन्‍य पर सुनवाई शुरू

2जी स्पेक्‍ट्रम आवंटन मामले में दिल्ली की एक अदालत में आज सुनवाई शुरू हो गई जिसमें पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा, द्रमुक सांसद कनिमोई, कारपोरेट जगत के कई दिग्गज और दूरसंचार कंपनियां प्रमुख आरोपी हैं। विशेष सीबीआई न्यायाधीश ओपी सैनी ने अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में रिलांयस कैपिटल लिमिटेड के सहायक उपाध्यक्ष आनंद सुब्रमण्यम के बयान की रिकार्डिंग शुरू की।

अदालत ने आज अभियोजन पक्ष के दो अन्य गवाहों रिलायंस समूह के अध्यक्ष एएन सेथुरमन और एतिसलात डीबी टेलीकॉम प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य नियामक अधिकारी विनोद कुमार बुधिराजा को जांच के लिये सम्मन किया है। सीबीआई ने अपनी पहली सूची में 28 लोगों का नाम सौंपा है जिनको नवंबर महीने में अदालत के समक्ष अभियोजन पक्ष के गवाह के रूप में पूछताछ किया जाना है।

अदालत ने तीन दूरसंचार कंपनियों समेत 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के बाद सुनवाई शुरू करने के लिये आज का दिन निर्धारित किया था। प्रथम सूची में 28 में से 11 गवाह रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप के हैं जो यह बताती है कि एजेंसी आरोपी कंपनियों रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड और शाहिद उस्मान बलवा द्वारा प्रवर्तित स्वान टेलीकॉम के खिलाफ लगे आरोपों से पहले निपटना चाहती है।

No comments:

Post a Comment